अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महा जन-सुनवाई सप्ताह (8 से 13 मार्च) हजारों परिवारों को त्वरित न्याय, त्वरित निराकरण
बिलासपुर संभाग के 08 जिलों के (कुल 169 प्रकरणों) की महा जन-सुनवाई दिनांक 10 मार्च 2026 को प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग परिसर, बिलासपुर में आयोजित होगी।
बिलासपुर/08 मार्च 2026 / छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक द्वारा राज्य की महिलाओं को त्वरित राहत पहुँचाने के उद्देश्य से एक वृहद और संवेदनशील निर्णय लिया गया है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोग द्वारा आगामी 10 मार्च 2026 को बिलासपुर संभाग के लिए महा जन सुनवाई सप्ताह का आयोजन प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग परिसर, बिलासपुर में किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा पूर्व में साढ़े 5 वर्षों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर लगभग 370 बार जनसुनवाई सफलतापूर्वक संपन्न की जा चुकी है। लगभग 8000 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इसी अनुभव को विस्तार देते हुए, इस बार संभाग स्तर पर यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बिलासपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले जिले बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं गौरेला-पेंड्रा मरवाही के कुल 169 प्रकरणों की एक साथ सुनवाई की जाएगी।
इस महा अभियान को सफल बनाने के लिए आयोग द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO), जिला संरक्षण अधिकारी (PO), केंद्र प्रशासिका सखी वन स्टॉप सेंटर एवं काउंसलिंग हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक सलाहकारों का विशेष सहयोग लिया जा रहा है। साथ ही, सुनवाई के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन का भी विशेष सहयोग सुनिश्चित किया गया है।
सुनवाई का समय एवं प्रक्रिया-
जनसुनवाई प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों के प्रकरण सुनवाई हेतु सूचीबद्ध हैं, उन्हें स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, जो महिलाएं पूर्व में आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे सुनवाई स्थल पर अपने नए आवेदन भी प्रस्तुत कर सकती हैं।
न्यायपीठों का गठन एवं कार्य-विभाजन-
सुनवाई की सघनता को देखते हुए माननीय अध्यक्ष महोदय ने दो विशेष न्यायपीठों की जिम्मेदारियां तय की है। मुख्य न्यायपीठ का नेतृत्व स्वयं माननीय अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं संबंधित संभाग की प्रभारी श्रीमती सरला कोसरिया करेंगी। सहायक न्यायपीठ में आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका शोरी नेतृत्व करेंगी।
10 मार्च 2026 (बिलासपुर संभाग)
- स्थान प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग परिसर, बिलासपुर।
- शामिल जिले बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं गौरेला-पेंड्रा मरवाही। (कुल 169 प्रकरण)
- उपस्थिति अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, संभाग प्रभारी श्रीमती सरला कोसरिया एवं सुश्री दीपिका शोरी।
“आयोग अब तक प्रदेश के जिलों में 370 से अधिक बार सुनवाई कर चुका है, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हमारा यह महा जन-सुनवाई सप्ताह प्रदेश के सभी 33 जिलों की महिलाओं के लिए न्याय का एक बडा अवसर है। विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारियों, सखी सेंटर की टीम और पुलिस प्रशासन के सहयोग से हम इस अभियान को निर्णायक बनाएंगे। मेरा सभी आवेदकों से आग्रह है कि वे प्रातः 10:00 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। नए आवेदकों का भी स्वागत है हमारा संकल्प है कि छत्तीसगढ़ की कोई भी महिला उत्पीड़न का शिकार न हो और उसे समय न्याय मिले।”
